Home

अब ट्रैफिक जवानों को नहीं सताएगी गर्मी, रांची पुलिस ने शुरू किया “कूलिंग जैकेट” ट्रायल

Ranchi : राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने नई पहल की है। ट्रैफिक जवानों के लिए अत्याधुनिक “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल शुरू किया गया है। इस जैकेट की मदद से जवान तेज धूप और गर्म हवा के बीच भी लंबे समय तक आरामदायक तरीके से ड्यूटी कर सकेंगे। रांची पुलिस की ओर से फिलहाल 5 कूलिंग जैकेट का ट्रायल किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान जवानों से फीडबैक लिया जाएगा। अगर इसका परिणाम बेहतर रहा तो आगे और जैकेट खरीदे जाएंगे।

इन-बिल्ट फैन से मिलेगी ठंडक

इस खास जैकेट में इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है। फैन लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखता है, जिससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। इससे ट्रैफिक जवानों को गर्मी में राहत मिलेगी और वे ज्यादा देर तक सक्रिय रह सकेंगे।

8 घंटे तक करेगी काम

कूलिंग जैकेट को पावर बैंक से चलाया जाता है। एक बार चार्ज करने के बाद यह करीब 8 घंटे तक लगातार काम कर सकती है। यानी जवान अपनी पूरी ड्यूटी के दौरान इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

धूप और रात दोनों में सुरक्षा

जैकेट का कपड़ा SPF 50 सुरक्षा के साथ तैयार किया गया है, जो तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाव करता है। वहीं रात में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसमें रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स लगाई गई हैं। इससे दूर से ही जवान आसानी से नजर आ सकेंगे और सड़क हादसों का खतरा भी कम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *