दहेज के लिए नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत
पलामू। पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दहेज की बकाया राशि नहीं मिलने पर नवविवाहिता को कथित रूप से पेट्रोल डालकर जला दिया गया। कई दिनों तक रांची के रिम्स में इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पति और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
70 हजार रुपये के बकाया दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका की पहचान चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नेहा की शादी 25 नवंबर 2025 को पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार निवासी पवन कुमार से हुई थी। शादी के समय डेढ़ लाख रुपये दहेज तय हुआ था, जिसमें 80 हजार रुपये दिए गए थे, जबकि 70 हजार रुपये बकाया थे।
परिजनों का आरोप है कि इसी बकाया राशि को लेकर नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
पति और ससुर पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप
नेहा के पिता बबलू राम, मां और अन्य परिजनों का आरोप है कि 10 जून को पति पवन कुमार और ससुर महेंद्र राम ने मिलकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, फिर रांची ले जाया गया। बाद में उसे रिम्स में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक 25 जून को रिम्स से छुट्टी मिलने के बाद घर लौटने के दौरान 26 जून की सुबह रास्ते में नेहा की मौत हो गई।
पति और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मौत के बाद परिजन शव लेकर सीधे तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार तथा ससुर महेंद्र राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पति ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, पति पवन कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं है कि नेहा को किसने जलाया। उसने दावा किया कि घटना की सूचना मिलने पर वह उसे बचाने पहुंचा और इलाज के दौरान भी उसके साथ रहा। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
