Home

कोडरमा में नेहा राज हत्याकांड का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

Koderma में चर्चित नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध और बदले की भावना को मुख्य कारण बताया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 मई को कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी, भंडरवा में नेहा राज की उनके घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत और परिजनों में शोक का माहौल था। मामले में कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।

मुख्यालय डीएसपी और एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान सलैया थाना क्षेत्र निवासी रोहित राणा और उसकी पत्नी देवन्ती देवी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा का अपनी चाची देवन्ती देवी के साथ कथित अवैध संबंध था। इस बात की जानकारी देवन्ती देवी के पति रोहित राणा को हो गई थी, जिसके बाद वह अपने भतीजे शंभू राणा से बदला लेना चाहता था। आरोप है कि इसी रंजिश में रोहित राणा ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर नेहा राज की हत्या की साजिश रची, ताकि शंभू राणा को गहरा सदमा पहुंचे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े, एक मोटरसाइकिल (JH02X-9994) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या घटना अचानक हुई। साथ ही अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *