Home

कोल्हान में कमजोर पड़े नक्सली, सुरक्षा बलों को ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत

चाईबासा में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने की कानून-व्यवस्था व नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा, विकास कार्यों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

चाईबासा। झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने कहा है कि कोल्हान प्रमंडल में नक्सलियों की स्थिति पहले की तुलना में काफी कमजोर हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की सुरक्षा सरकार और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें बाधा डालने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नक्सल विरोधी अभियान की हुई समीक्षा

शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर चाईबासा पहुंचीं डीजीपी ने जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कोल्हान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और चल रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

खुफिया तंत्र और समन्वय मजबूत करने के निर्देश

डीजीपी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और खुफिया सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाएं। साथ ही नक्सल प्रभावित गांवों में विश्वास बहाली अभियान तेज करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीणों का भरोसा बढ़े और विकास योजनाओं का कार्य निर्बाध रूप से जारी रहे।

विकास कार्यों में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग, प्रभावी सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा बलों के बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के बीच मजबूत तालमेल ही नक्सल विरोधी अभियान की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *