सारंडा में नक्सलियों का आईईडी विस्फोट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल
पश्चिमी सिंहभूम, 08 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के सारंडा स्थित जंगली-पहाड़ी इलाके में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को आईईडी विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची लाया जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि झारखंड पुलिस (चाईबासा पुलिस) और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया।
विस्फोट की चपेट में आने से दोनों जवान जख्मी हो गए। फिलहाल उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
