पलामू

बदले की आग में मुटुर मुसहर की हत्या, नंदन हत्याकांड के दो आरोपित भी गिरफ्तार

पलामू, 18 अगस्त :

।पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बीरधवर गांव निवासी 60 वर्षीय मुटुर मुसहर के अपहरण और हत्या की गुत्थी पलामू पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 अगस्त को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर बिहार के डेहरी नगर थाना क्षेत्र में सोन नदी किनारे पाली रोड स्थित श्मशान घाट के पास से मृतक का नर-कंकाल बरामद किया गया।

वहीं, मुटुर मुसहर हत्याकांड के पीछे वर्ष 2025 में मारे गए नंदन मुसहर की हत्या का बदला लेने की बात सामने आई है।

इसी कड़ी में नंदन मुसहर हत्याकांड में नामजद दो आरोपिताें संतोष मुसहर और धर्मेंद्र मुसहर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, नंदन मुसहर की वर्ष 2025 में दशहरा के दौरान हत्या कर शव को कोयल नदी के बहते पानी में फेंक दिया गया था। इस घटना से आहत उसके पिता दिनेश मुसहर और अन्य आरोपियों ने बदले की भावना से मुटुर मुसहर का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। मुटुर हत्याकांड में दिनेश मुसहर, विकास मुसहर, गोविंद मुसहर और प्रभु मुसहर(सभी औरंगाबाद, बिहार) को गिरफ्तार कर 15 अगस्त को जेल भेजा जा चुका है।

मुटुर मुसहर के अपहरण और हत्या को लेकर मोहम्मदगंज थाना (कांड संख्या 31/2026) में दर्ज है। इस संबंध में 10 अगस्त 2026 को बीएनएस की

विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एसडीओपी दिव्यांश शुक्ल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने झारखंड के साथ-साथ बिहार के औरंगाबाद और रोहतास जिलों में भी छापेमारी की। आरोपिताें की स्वीकारोक्ति और निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया।

वहीं, नंदन मुसहर हत्याकांड में मोहम्मदगंज थाना (कांड संख्या 33/2026) दर्ज है। इस संबंध में 17 अगस्त 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बीरधवर गांव निवासी संतोष मुसहर और धर्मेंद्र मुसहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इस कार्रवाई में मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, अनुसंधानकर्ता मनोज मुंडा, देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता, लठेया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *