रांची

अतिक्रमण को लेकर सख्त हुआ नगर निगम, चर्च रोड से कर्बला चौक तक कब्जा मुक्त हुई सकड़

नगर

Ranchi : शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए रांची नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को चर्च रोड से कर्बला चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान रांची नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से डेली मार्केट चौक से शुरू किया। कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस इलाके में लंबे समय से जाम और यातायात बाधा की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

अभियान के दौरान निगम और अंचल कार्यालय के अमीन द्वारा सड़क की विधिवत मापी की गई। मापी के बाद दुकानों के बाहर बने अवैध शेड, गुमटी, अस्थायी दुकानें और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। कई दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध विस्तार को भी हटाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क को पूरी तरह सुचारु बनाना और सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराना है। अभियान से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और शहर को जाम मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *