रांची

सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने की होली पर रांची–हटिया से प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग

रांची, 04 फरवरी । राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने होली पर्व के अवसर पर रांची और हटिया रेलवे स्टेशन से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और संभावित असुविधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। यह जानकारी उन्होंने बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।

डॉ. वर्मा ने पत्र में उल्लेख किया है कि रांची, झारखंड की राजधानी होने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। इन्हीं कारणों से रांची और हटिया से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है, जबकि वर्तमान ट्रेन सेवाएं इस अतिरिक्त दबाव को संभालने में अक्सर असमर्थ रहती हैं। इसके परिणामस्वरूप यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची, अत्यधिक भीड़ और गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

राज्यसभा सांसद ने मांग की है कि होली के अवसर पर रांची–हटिया से जम्मू, एर्नाकुलम, अहमदाबाद, इंदौर, प्रयागराज, सिकंदराबाद, नई दिल्ली, गोरखपुर, बीकानेर, लखनऊ और जयपुर जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनें या अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को राहत मिलेगी, यात्रा व्यवस्था सुचारू होगी और पर्यटन व व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. वर्मा ने रेल मंत्रालय से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *