Home

झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, जमशेदपुर में 195 मिमी बारिश; खरीफ फसलों को मिलेगा लाभ

रांची : दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर झारखंड में सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें जमशेदपुर में सर्वाधिक 195 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्यभर में अच्छी बारिश की संभावना है, जिससे खरीफ फसलों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार तोरपा में 110 मिमी, रनिया में 72.2 मिमी, कुमारडुंगी में 71 मिमी, बुढ़मू में 70.6 मिमी, जामताड़ा में 68.4 मिमी, खरसावां में 67.4 मिमी, पुटकी में 67.2 मिमी, गोइलकेरा में 62.4 मिमी, अड़की में 61.8 मिमी, चक्रधरपुर और रामगढ़ में 61-61 मिमी, गुदड़ी में 60.6 मिमी, चाकुलिया में 36.4 मिमी, हुसैनाबाद में 36.2 मिमी तथा धालभूमगढ़ में 34.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

बारिश के बीच राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।

हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 18 जुलाई के बीच झारखंड में अब तक सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा की कमी गढ़वा, चतरा, देवघर, पाकुड़, गोड्डा और कोडरमा जिलों में दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 50 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है। वहीं रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, दुमका और खूंटी में अपेक्षाकृत अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 29.2 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *