Home

चाईबासा जेल में रिया सिन्हा के पास मिला मोबाइल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चाईबासा। झारखंड के कुख्यात अपराधी सुजीत कुमार सिन्हा की पत्नी एवं विचाराधीन कैदी रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित किए जाने के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल में प्रवेश के दौरान तलाशी में उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चार्जर और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। घटना के बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

तलाशी में बरामद हुआ प्रतिबंधित सामान

महिला वार्ड में प्रवेश से पहले डीएसपी पूजा कुमारी, महिला थाना प्रभारी शीला मिंज और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इस दौरान रिया सिन्हा के कपड़ों में छिपाकर रखा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, चार टूटे हुए सिम कार्ड, वीवो का चार्जर, बोट कंपनी का चार्जिंग एडॉप्टर तथा अंग्रेजी में लिखे हस्तलिखित नोट्स बरामद किए गए।

एफआईआर दर्ज, तकनीकी जांच शुरू

सदर थाना प्रभारी हीरा लाल महतो के बयान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा कारा अधिनियम, 1894 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद मोबाइल, सिम कार्ड, चार्जर और दस्तावेज जब्त कर तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

गिरोह संचालन के आरोपों की भी होगी जांच

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिया सिन्हा के खिलाफ रंगदारी समेत 14 आपराधिक मामले लंबित हैं, जबकि उसके पति सुजीत कुमार सिन्हा पर संगठित अपराध गिरोह संचालित करने के आरोप हैं। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि दोनों जेल के भीतर से अपने गिरोह के माध्यम से रंगदारी, लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराधों का संचालन करते रहे हैं।

नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल जेल तक कैसे पहुंचा, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और मोबाइल के जरिए किन-किन लोगों से संपर्क किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच में नए तथ्य सामने आने पर इस मामले में अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *