झारखंड के कई जिलों में बढा दाे डिग्री अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज

रांची, 12 फ़रवरी । राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 01 से 02 डिग्री तक तापमान में वृद्धि हुई है। इन दिनों राज्य में दिन में हल्की गर्मी, जबकि रात में ठंड का अनुभव हो रहा है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी।
विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण निम्न दबाव की स्थिति पंजाब और इससे सटे उत्तरी पाकिस्तान में बना है। साथ ही एक अन्य निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थाान और आसपास के इलाकों में बना हुआ है। आनेवाले दिनों में इसका असर झारखंड सहित अन्य राज्यों पर दिखाई देगा।
विभाग के अनुसार रांची और जमशेदपुर में मंगलवार की तुलना में गुरुवार को दो डिग्री, बोकारो में दो डिग्री और चाईबासा में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से एक से पांच डिग्री अधिक है। वहीं इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के अनुसार राज्य् में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 32 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा और मध्यम दर्जे की हवा चली। इससे गर्मी का एहसास नहीं हुआ।
वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, जमशेदपुर में 29.4 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 29.8 डिग्री और 7.7 डिग्री, बोकारो में 29.2 और 9.6 डिग्री, चाईबासा में 32 डिग्री और 111.4 डिग्री, खूंटी में अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 7.1 डिग्री, लोहरदगा में 24.5 और न्यूनतम 7.4 डिग्री, लातेहार में अधिकतम 22.1 और न्यूनतम 11 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
