जन्मदिवस पर खिलाड़ियों के बीच पहुंचे मनोज कोनबेगी, प्रशिक्षकों व परिजनों को किया सम्मानित
हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर केरसई प्रखंड के करंगागुड़ी तथा कुरडेग प्रखंड के आसनबेडा गांव में खिलाड़ियों के साथ विशेष रूप से समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उन्होंने जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर रहीं सिमडेगा की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पुष्पा मांझी एवं संदीपा कुमारी की वर्तमान प्रशिक्षक तारिणी कुमारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
करंगागुड़ी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं पल्ली पुरोहित की उपस्थिति में केक काटकर अपना जन्मदिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने जापान में खेल रही हॉकी खिलाड़ी संदीपा कुमारी के प्राथमिक प्रशिक्षक सुभिला मिंज को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके बाद वे कुरडेग प्रखंड के आसनबेडा में आयोजित गोंडवाना समर कैंप पहुंचे, जहां उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी, गोंडवाना विकास मंच के पदाधिकारी, अभिभावक, स्थानीय ग्रामीण एवं समर कैंप के 400 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया।
इस अवसर पर जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही आसनबेडा की बेटी पुष्पा मांझी की माता हीरामनी देवी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा सिंदूर का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
मनोज कोनबेगी ने कहा कि सिमडेगा की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों एवं परिजनों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
