Home

मन की बात समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम : बाबूलाल

पश्चिमी सिंहभूम, 28 जून । पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला ऐसा मंच बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत टेकराहातु पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” को सुना। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, युवाओं की सकारात्मक भूमिका और आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया है।

मरांडी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ तभी व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचेगा, जब समाज की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग देने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों के सशक्त होने से ही राज्य और देश मजबूत होगा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद और भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी “मन की बात” सुनने के बाद विभिन्न सामाजिक और विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की।

टेकराहातु दौरे के दौरान बाबूलाल मरांडी पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई के आवास भी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की।

इसके बाद बाबूलाल मरांडी, भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचु के आवास पहुंचे और हाल ही में सड़क दुर्घटना में घायल हुईं गीता बालमुचु का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार के सदस्यों का भी हालचाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *