Home

खुद कार चलाकर जोन्हा फॉल पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पर्यटकों और ग्रामीणों से की मुलाकात

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर मुख्यमंत्री स्वयं कार चलाकर राजधानी रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ गांडेय विधायक एवं उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण हैरान होने के साथ-साथ काफी उत्साहित नजर आए। जोन्हा फॉल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां के मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और झरने के आसपास कुछ समय बिताया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना, उनकी समस्याओं को सुना तथा क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की।

झारखंड की प्राकृतिक छटा की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि “जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं और हरियाली की गोद में बसता हमारा झारखंड अद्वितीय है। राज्य की यह प्राकृतिक सुंदरता ही हमारी असली पहचान और ताकत है।”

मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि राज्य सरकार झारखंड के प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं विकास को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि जोन्हा फॉल जैसे पर्यटन स्थलों को और अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सुरक्षित वातावरण में झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा सकें।

मुख्यमंत्री का यह सादगीपूर्ण अंदाज और स्वयं वाहन चलाकर आम लोगों के बीच पहुंचना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *