पूर्वी सिहंभूमि

जमशेदपुर में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 17 थाना प्रभारियों का तबादला

Jamshedpur Police Transfer : जमशेदपुर में बड़ा पुलिस फेरबदल, एसएसपी पीयूष  पांडेय ने 17 थाना प्रभारियों का किया तबादला - The Photon News

जमशेदपुर,06 मार्च । पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए एसएसपी पीयूष पांडेय ने एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में गुरुवार देर रात अधिकारिक आदेश जारी किया गया,जिसमें कई थानों के प्रभारी और सर्किल इंस्पेक्टरों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को उनके पद से हटाकर सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार को स्थानांतरित कर बर्मामाइंस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को उनके पद से हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है।

इसी क्रम में टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को उनके पद से हटाकर साकची सीसीआर में भेजा गया है। बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को हटाकर मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है, जबकि मुसाबनी सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी बनाया गया है। साकची सीसीआर में पदस्थ फ़ैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।

बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार को उनके पद से हटाकर गोलमुरी पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है। जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को भी हटाकर गोलमुरी पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी बनाया गया है,जबकि ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल प्रभाव से योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *