धनबाद

धनबाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, बदले गये कई थाना प्रभारी

धनबाद

Dhanbad : धनबाद जिले के पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। एसएसपी प्रभात कुमार के आदेश पर इंस्पेक्टर स्तर के कई अधिकारियों का तबादला किया गया है और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आदेश के तहत जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। एसएसपी के आदेश के बाद कई थानों और शाखाओं में अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियों के साथ पदभार संभालना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक जरूरतों और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।

बैंक मोड़ और कतरास थाना में अदला-बदली

जारी आदेश के अनुसार बैंक मोड़ थाना के प्रभारी प्रवीण कुमार को अब कतरास थाना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कतरास थाना प्रभारी असित कुमार को बैंक मोड़ थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। दोनों अधिकारियों के बीच यह अदला-बदली प्रशासनिक निर्णय के तहत की गई है।

निरसा और जोड़ापोखर सर्किल में भी बदलाव

तोपचांची थाना प्रभारी अजीत भारती को अब निरसा थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरसा थाना के प्रभारी अनिल शर्मा को जोड़ापोखर सर्किल का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में जोड़ापोखर सर्किल के इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार को चिरकुंडा थाना का प्रभारी बनाया गया है। चिरकुंडा थाना प्रभारी रामजी राय को साइबर थाना में पदस्थापित किया गया है।

ट्रैफिक और साइबर थाना में भी नई जिम्मेदारियां

ट्रैफिक थाना प्रभारी लव कुमार को तोपचांची थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं इंस्पेक्टर जयप्रकाश को साइबर थाना से हटाकर ट्रैफिक थाना का प्रभार दिया गया है।

सिंदरी और कोर्ट सिक्योरिटी में भी तबादले

अभियोजन कोषांग के प्रभारी राजेश कुमार को सिंदरी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। सिंदरी थाना प्रभारी संजय कुमार को कोर्ट सिक्योरिटी में भेज दिया गया है। वहीं कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात मोहम्मद रुस्तम को कतरास सर्किल में पदस्थापित किया गया है। कतरास सर्किल से मुकेश कुमार को अभियोजन कोषांग का प्रभारी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *