Bihar के Kishanganj में बड़ी कार्रवाई, डीपीओ 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिहार : बिहार के किशनगंज जिले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुरगंज की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (ICDS DPO-2) अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 20 फरवरी 2026 को एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई।
10 लाख रुपये की थी मांग
शिकायत Nalanda जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर तियारी निवासी नागेंद्र कुमार ने की थी। उनका आरोप है कि डीपीओ उन्हें आरोप पत्र गठित कर निलंबित कराने की धमकी दे रही थीं। कार्रवाई से बचाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। काफी दबाव के बाद 50 हजार रुपये की पहली किस्त देने की बात तय हुई, जिसके बाद उन्होंने निगरानी विभाग से संपर्क किया।
जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही अनीता कुमारी ने 50 हजार रुपये लिए, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
घर से 4 लाख रुपये नकद बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवास की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 4 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है।
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक Pankaj Kumar Darad ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
विभाग में मची हलचल
इस कार्रवाई के बाद आईसीडीएस विभाग और जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकती है। आम लोगों का भी मानना है कि ऐसी कार्रवाई से सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचेगा।
निगरानी विभाग ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
