देश

वियतनाम में बड़ा हादसा: भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत, 21 लोगों को बचाया गया

हनोई/नई दिल्ली: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। नाव में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य शामिल थे।

फु क्वोक द्वीप के पास हुआ हादसा

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब नाव फु क्वोक द्वीप के पास स्थित होन मे रुट न्गोआई (Hon May Rut Ngoai) से पर्यटकों को वापस लेकर लौट रही थी। तट से लगभग 400 मीटर पहले नाव अचानक पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक समुद्र में ऊंची लहरें और खराब मौसम हादसे की संभावित वजह मानी जा रही हैं। मामले की जांच जारी है।

कई पर्यटक नाव के नीचे फंस गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पलटने के बाद कई यात्री उसके नीचे फंस गए, जिससे राहत एवं बचाव अभियान काफी कठिन हो गया। आसपास मौजूद अन्य नौकाओं ने सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद सीमा सुरक्षा बल, नौसेना और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अधिकांश पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से

रिपोर्टों के अनुसार नाव में सवार अधिकांश भारतीय पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के थे। इनमें दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं। भारतीय दूतावास यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने में जुटा हुआ है।

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। सहायता के लिए ये हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:

+84 36 281 7930

+84 91 552 37 14

+84 33 452 0414

दूतावास ने बताया कि अधिकारी लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *