लोक सेवा समिति की 35वीं वर्षगांठ 23 मई को, “प्रेरणा” स्मारिका का होगा विमोचन
राँची : लोक सेवा समिति की बैठक शनिवार, 17 मई को होटल केन, राँची में संपन्न हुई। बैठक में समिति की आगामी 35वीं वर्षगांठ समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति द्वारा 23 मई को राँची में भव्य समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि समारोह के दौरान “प्रेरणा” नामक स्मारिका एवं कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा। यह विशेष प्रकाशन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं “झारखंड रत्न” दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित होगा। पुस्तक में उनके जीवन से जुड़े संघर्ष, अनसुने प्रसंग एवं प्रेरणादायी जीवनी को शामिल किया जाएगा। साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों के जीवन प्रसंगों को भी स्थान दिया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सके।
समारोह में समाज, शिक्षा, कला, साहित्य, संस्कृति एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चयनित विभूतियों को राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “झारखंड रत्न” एवं “विशिष्ट सेवा सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा। चयनित विभूतियों की घोषणा शीघ्र किए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशाखोरी एवं मोबाइल एडिक्शन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। समिति ने इस सामाजिक समस्या के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। समारोह में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति एवं मोबाइल की लत से दूर रहने की सामूहिक शपथ भी दिलाई जाएगी। समिति ने कहा कि आने वाले समय में इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं संगठित रूप से चलाया जाएगा।
इसके अलावा समिति ने राज्य सरकार से मांग की कि अंचल स्तर पर आम नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कहा गया कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के लगातार चक्कर लगाने पड़ते हैं तथा कई स्थानों पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। समिति ने इस संबंध में प्राप्त शिकायतों का उल्लेख करते हुए सरकार से जनहित में शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बैठक में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि झारखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका एवं “झारखंड रत्न” सम्मान से सम्मानित श्रीमती सीमा देवी के नाम की अनुशंसा राज्य सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित “पद्मश्री” सम्मान हेतु केंद्र सरकार को भेजी जाए। समिति के सदस्यों ने कहा कि लोक संस्कृति एवं लोकसंगीत के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है।
बैठक की अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने की। बैठक में मुख्य रूप से प्रेम शंकर साहू, अनीता लिंडा, संगीता सिंह, कुमार साहब, सैय्यद फ़राज अब्बास, फिरोज अहमद खान, साक़ीब तंजील, सीमा देवी, मुख्तार अंसारी, अबसार अहमद सिद्दीकी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
