Home

ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल चली गोली, सिपाही राजू तिर्की की मौत

Simdega : झारखंड के सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना परिसर से रविवार को एक दुखद घटना सामने आई। ड्यूटी के दौरान गोली लगने से पुलिस जवान राजू तिर्की की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। दिवंगत जवान रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के टिंबरा गांव के रहने वाले थे।

ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे आरक्षी राजू तिर्की महाबुआंग थाना परिसर में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी सर्विस राइफल से गोली चल गई। गोली उनके गले में लगी और माथे को पार कर गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचे एसपी और अन्य अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अस्पताल परिसर में जवान के साथी पुलिसकर्मी काफी भावुक नजर आए। सभी ने राजू तिर्की को एक मेहनती और शांत स्वभाव का जवान बताया।

जांच के लिए SIT का गठन

एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अपने ही हथियार से गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना कैसे हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *