खूंटी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, उपायुक्त ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

खूंटी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को सदर अस्पताल, खूंटी से अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जिले के सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
कोई भी पात्र बच्चा न छूटे : उपायुक्त
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
घर-घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
उन्होंने बताया कि 28 जून को जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें, सहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी रहे उपस्थित
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर राज्य पर्यवेक्षक डॉ. अरविंद कुमार, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
