लातेहार

लातेहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, जंगल में छिपा राइफल और गोलियां का जखीरा बरामद

हथियार

Latehar : लातेहार के छिपादोहर थाना कांड संख्या-11/26 में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इलाके के मिरचैया जंगल से हथियार और मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की है। मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद यह सफलता मिली। एसपी कुमार गौरव ने मीडिया को बताया कि 14 मार्च को गिरफ्तार किए गए आरोपी मृत्युंजय भुईयां उर्फ फरेश भुईयां (42) और बब्लु राम उर्फ बब्लु चंद्रवंशी को कोर्ट में पेश करने के बाद 5 दिनों के रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने-अपने बयान में जंगल में हथियार छिपाने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गारू थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल में छापेमारी की। यहां जमीन के अंदर करीब डेढ़ फीट नीचे दबाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।

मृत्युंजय की निशानदेही पर एक इंसास राइफल, 70 जिंदा कारतूस (5.56 बोर), तीन मैगजीन और एक पाउच बरामद किया गया। वहीं, बब्लु राम की निशानदेही पर एक सेमी राइफल, .30-06 बोर के 77 जिंदा कारतूस, एक .30 कार्बाइन राइफल, 23 जिंदा कारतूस और दो पाउच बरामद किये गये। एसपी का कहना है कि सभी हथियार सुनियोजित तरीके से जमीन में छिपाकर रखे गए थे। इससे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग थी।

छापेमारी टीम में छिपादोहर थाना प्रभारी मो. याकिन अंसारी और गारू थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा शामिल थे। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और हथियारों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *