स्वर्गीय शिवरानी कपूर महिला अंतर विद्यालय वॉलीबॉल लीग का शुभारंभ
धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में वॉलीबॉल स्टेडियम में आयोजित 26वीं अंतर विद्यालय स्वर्गीय शिवरानी कपूर वॉलीबॉल लीग चैंपियनशिप के महिला वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन डीएससी धनबाद की श्रीमती रिंकू गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं वॉलीबॉल सर्विस कर किया। इस अवसर पर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद कपूर भी मौजूद रहे।
धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के महासचिव सूरज प्रकाश लाल ने मुख्य अतिथि को चैंपियनशिप का मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
उद्घाटन मुकाबले में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर ने गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल को 25-16, 25-19 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में अभ्यासुंदरी स्कूल ने स्वामी विवेकानंद स्कूल चिरकुंडा को 25-20, 25-17 से, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल ने कोयलांचल पब्लिक स्कूल को 25-20, 25-22 से तथा राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर ने एसबीएस स्कूल को 25-16, 25-15 से हराया।
इसके अलावा जीपीएस स्कूल ने स्वामी विवेकानंद स्कूल चिरकुंडा को 25-23, 25-23 से तथा अभ्यासुंदरी स्कूल ने ब्राइट पब्लिक स्कूल को 25-13, 25-15 से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता का अंतिम लीग मैच 11 मई को खेला जाएगा। वहीं अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक वर्ग के चार सेमीफाइनल मुकाबले भी आयोजित होंगे।
महिला वर्ग के मैचों में निर्णायक की भूमिका खुशबत, प्रवीण, कृति दुबे एवं यश खान ने निभाई। मौके पर खेल शिक्षक राजीव सिन्हा, गणेश यादव, कुसुम कुमारी साहू, पूजा कुमारी एवं जयश्री गोराई सहित अन्य उपस्थित थे।
उक्त जानकारी धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के महासचिव सूरज प्रकाश लाल ने दी।
