Home

‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन का आज अंतिम संस्कार, देशभर से श्रद्धांजलि


रांची, 5 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संरक्षक शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आज रामगढ़ जिले के पैतृक गांव निमरा में किया जाएगा। राजधानी रांची स्थित पारिवारिक आवास से उनकी अंतिम यात्रा सुबह रवाना हुई। अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके पुत्र हेमंत सोरेन अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए रांची स्थित आवास पहुंचे। गौरव और ग़म के माहौल के बीच झारखंड की राजनीति के कई दिग्गज और आमजन गुरुजी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

झारखंड के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भावुक होकर कहा,

“गुरुजी केवल नेता नहीं, आंदोलन की पहचान थे। मैं भारत सरकार से मांग करता हूं कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।”

भाजपा नेता चंपई सोरेन भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने गुरुजी के साथ बिताए क्षणों को याद करते हुए भावुक हो गए।

अंतिम संस्कार में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के शामिल होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर के कई नेता गुरुजी के निधन पर शोक व्यक्त कर चुके हैं।

गांव निमरा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और शोक की इस घड़ी में पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *