बिरसा कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन, युवाओं ने खेल और राष्ट्र निर्माण पर साझा किए विचार
खूंटी, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर बिरसा कॉलेज, खूंटी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और मेरा युवा भारत, खूंटी के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, प्रतिभा विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना तथा खेलों को लेकर उनके विचारों और आकांक्षाओं को मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी उपस्थित रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरिन ने विद्यार्थियों को खेलों के साथ अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी प्रतिभागी एवं बीए सेमेस्टर-1 के छात्र जय कुमार माझी के साथ तीरंदाज खिलाड़ी बिरसा मुंडा और अभय कुमार भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
युवा संवाद सत्र में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और नशामुक्त समाज जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद 2027’ क्विज में युवाओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ की शपथ दिलाई गई।
मौके पर राज कुमार गुप्ता, खेल प्रभारी अनंत राम, परीक्षा नियंत्रक डॉ. कॉर्नेलियस मिंज सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जया कच्छप ने किया।
