खेल

राज्य के कराटे खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 22 स्वर्ण पदकों के साथ झारखंड ओवरऑल चैंपियन


रांची के पाँच खिलाड़ियों ने जीते 6 स्वर्ण सहित 11 पदक
रांची/जमशेदपुर: जमशेदपुर के तुलसी भवन में Shotokan Shigokai Karate Do India के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया शोतोकान शीगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। दूसरे स्थान पर बंगाल की टीम रही।
झारखंड टीम में शामिल रांची की सबसे जूनियर खिलाड़ी, चार वर्षीय अदिति आरोही ने कुमिते और काता दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर राज्य का खाता खोला। इसके बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य के पदक तालिका में लगातार इजाफा किया।
रांची के आदित राज ने 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते, जबकि मिस्टी कुमारी ने अपनी दोनों स्पर्धाओं में 2 स्वर्ण पदक हासिल किए। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में चंदा कुमारी ने भी 2 स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अनाया मृणालिनी कुजूर ने 2 कांस्य पदक जीतकर टीम को ओवरऑल चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विजेता खिलाड़ियों को कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमीशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा एवं शोतोकान शीगोकाई के मुख्य प्रशिक्षक शिहान शेखर गोस्वामी ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि राज्य के कराटे खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उसे सही दिशा में निखारने की है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिहान सी.ए. खान, अभिषेक गोस्वामी, अंकित गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, संतोष गोस्वामी, आनंद गोस्वामी, गुलज़ार राजा, प्रकाश कुमार, राज कुमार सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रांची लौटने पर खिलाड़ियों का इंटरनेशनल मार्शल आर्ट अकादमी के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, कुंदन उरांव, उमा शंकर महतो सहित अन्य खेल प्रेमियों द्वारा फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *