रांची

झारखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने पद संभाला

Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को अपने पद की शपथ ले ली। शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित हुआ। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जस्टिस सोनक गुरुवार को रांची पहुंचे, जहां हाई कोर्ट के न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से एलएलबी की डिग्री प्रथम श्रेणी में पूरी की। उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी किया।

जस्टिस सोनक अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में सिविल, संवैधानिक, श्रम, सेवा, पर्यावरण, वाणिज्यिक, कर और कंपनी कानून के मामलों में प्रैक्टिस की। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार तथा विभिन्न निगमों को कानूनी सेवाएं भी दीं। उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अब वह झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *