69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की अंडर-19 बालिकाओं ने रचा इतिहास, जीता स्वर्ण पदक
रांची : मणिपुर की राजधानी इंफाल स्थित खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फुटबॉल मैदान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की अंडर-19 बालिका फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देश भर की शीर्ष स्कूली टीमें शामिल हुईं।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में भाग ले रही झारखंड की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में झारखंड का सामना मेजबान मणिपुर से हुआ, जहां कड़े और रोमांचक संघर्ष के बाद झारखंड ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल झारखंड की स्टार खिलाड़ी काजल कुमारी ने किया, जिसने टीम को स्वर्ण पदक दिलाया और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोच बिंदु कुमारी एवं मैनेजर जीतू कच्छप का मार्गदर्शन और योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।
इस उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों ने इस वर्ष नया इतिहास रचा है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा प्रदान किए गए 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण, सटीक रणनीति और उचित मंच का यह सकारात्मक परिणाम है कि झारखंड की टीमों ने तीनों आयु वर्गों में पदक हासिल किए हैं—अंडर-14 वर्ग में रजत, जबकि अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
