जामताड़ा

जामताड़ा में चुनावी बिगुल, झामुमो के समर्थन से चमेली देवी की एंट्री

Jamtara : नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद जामताड़ा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने जानकारी दी कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इस बार जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चमेली देवी को समर्थन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनाव पार्टी के बैनर तले नहीं लड़ा जाएगा, लेकिन झामुमो समर्थित प्रत्याशी मैदान में उतरेंगे। इसी के तहत पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी को पार्टी का समर्थन दिया गया है। शीर्ष नेतृत्व को आवेदन देने के बाद उनके नाम की घोषणा की गई है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ चमेली देवी को विजयी बनाने का काम करेंगे।

जिला प्रवक्ता आनंद टुडू ने कहा कि स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया ने पार्टी और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लिए अपना पद त्याग दिया था। उनका यह योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी हो और चमेली देवी को नगर पंचायत अध्यक्ष बनाकर उनके योगदान का सम्मान करे।

वरिष्ठ नेता रवींद्रनाथ दुबे ने कहा कि भले ही विधायक विष्णु भैया रहे हों, लेकिन राजनीति और चुनाव का अच्छा अनुभव चमेली देवी को भी है। वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता उन्हें एक प्रत्याशी ही नहीं, बल्कि अपने परिवार की सदस्य मानकर समर्थन देंगे।

इस अवसर पर चमेली देवी ने कहा कि पति के निधन के बाद उन्होंने बहुत कठिन समय देखा है। बीते सात वर्षों में उन्होंने काफी कुछ खोया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जामताड़ा नगर पंचायत पर कुछ लोगों का कब्जा हो गया है और हर गली-मोहल्ले में भ्रष्टाचार फैल रहा है।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शहर को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है और जामताड़ा को एक आदर्श नगर पंचायत बनाना है। उन्होंने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य करेंगी।

प्रेस वार्ता में देवाशीष मिश्रा, राजा नंदगोपाल सिंह, चंचल राय, राजीव माजी, रंजीत राउत, वकील सिंह, मना ठाकुर, लड्डू तिवारी, विजय राउत, हातीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *