झारखंड के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी नीरज केशरी को विक्टर (Victor) कंपनी का आधिकारिक प्रायोजन
रांची: झारखंड के युवा और प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी नीरज केशरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेल सामग्री कंपनी विक्टर (Victor) द्वारा आधिकारिक रूप से प्रायोजित किया गया है।
नीरज वर्तमान में भारत रैंक 9 और विश्व रैंक 348 पर स्थित हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियों को देखते हुए विक्टर कंपनी ने उन्हें यह प्रतिष्ठित प्रायोजन प्रदान किया है।
इस एक वर्षीय प्रायोजन के अंतर्गत नीरज को संपूर्ण प्रोफेशनल किट प्रदान की गई है, जिसमें शामिल हैं:
6 रैकेट
5 जोड़ी बैडमिंटन जूते
8 टी-शर्ट
8 शॉर्ट्स
12 जोड़ी मोज़े
2 किट बैग
1 ट्रैवल बैग
3 ट्रैक सूट
2 तौलिये
वर्ष भर के लिए अन्य आवश्यक खेल सामग्री
नीरज के इस प्रायोजन को न केवल उनके खेल जीवन में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, बल्कि यह झारखंड के बैडमिंटन जगत के लिए भी गर्व का विषय है। राज्य के बैडमिंटन प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं और आशा व्यक्त की है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और भारत का नाम रोशन करेंगे।
वर्तमान में नीरज रांची स्थित रेसिडेंशियल बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर के छात्र हैं, जहाँ वे कोच भरत कुमार साह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा, वे अपने खेल कौशल को और निखारने के लिए कुछ महीनों के लिए प्रतिष्ठित गोपीचंद अकादमी में उन्नत प्रशिक्षण भी ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि नीरज ने पिछले वर्ष नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में रजत पदक प्राप्त किया था। वे आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने तथा वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
