69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी में झारखंड की बेटियों का जलवा, 14 पदक जीतकर रचा इतिहास
रांची | मणिपुर (14–18 जनवरी, 2026): मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीरंदाजी और वूशु दोनों खेलों में कुल 14 पदक जीतकर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में झारखंड की टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में शामिल हुई थी।
तीरंदाजी में ऐतिहासिक सफलता
तीरंदाजी प्रतियोगिता में अंडर-19 बालिका वर्ग में झारखंड ने सेकेंड रनर-अप का खिताब हासिल किया। यह उपलब्धि राज्य की उभरती स्टार खिलाड़ी प्रिया महली के शानदार प्रदर्शन की बदौलत संभव हो सकी। प्रिया ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर टीम को मजबूती दी।
तीरंदाजी में झारखंड ने कुल 9 पदक (4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य) अपने नाम किए। उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में सुरभि पाल, घनश्याम जामुदा, समीर बेहरा समेत अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
वूशु में भी झारखंड का दम
खुमान लम्पक स्पोर्ट्स इनडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली वूशु प्रतियोगिता में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 सांडा वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और आक्रमण कौशल का परिचय देते हुए 5 पदक (2 रजत और 3 कांस्य) जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।
कोच और नेतृत्व की अहम भूमिका
इस सफलता के पीछे कोच एवं मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई तथा एचओडी सुशील कच्छप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
