खेलझारखंड

सुब्रतो कप के खिताब से एक कदम दूर झारखंड की बेटियां

27 अगस्त को नई दिल्ली में NCC से होगा फाइनल मुकाबला, शाम 4:30 बजे शुरू होगा मैच

रांची, 26 अगस्त। 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) वर्ग में झारखंड की बेटियां खिताब से महज एक कदम दूर हैं। झारखंड और NCC के बीच फाइनल मुकाबला 27 अगस्त को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में शाम 4:30 बजे खेला जाएगा।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही झारखंड की टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने छह मुकाबलों में बेहतरीन तालमेल, मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया है।

छह मैचों में मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन

झारखंड की टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत रक्षापंक्ति रही है। अब तक खेले गए छह मुकाबलों में केवल क्वार्टर फाइनल में बिहार की टीम झारखंड के खिलाफ एक गोल कर सकी। वहीं पांच मुकाबलों में विपक्षी टीम झारखंड के खिलाफ एक भी गोल नहीं कर सकी। टीम के इस प्रदर्शन ने उसकी खिताबी दावेदारी को मजबूत किया है।

कप्तान वीणा कुमारी की अगुवाई में झारखंड की बेटियां पूरे आत्मविश्वास के साथ फाइनल मुकाबले में उतरेंगी। टीम का लक्ष्य शानदार प्रदर्शन करते हुए सुब्रतो कप की ट्रॉफी झारखंड के नाम करना है।

झारखंड की बेटियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से राज्य के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें 27 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। राज्य के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि झारखंड की बेटियां अपने मजबूत खेल का सिलसिला जारी रखते हुए खिताब अपने नाम करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *