खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों का परचम — शिवानी को रजत व श्रेया को कांस्य पदक

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का मान-सम्मान पूरे देश में बढ़ाया है। शानदार खेल कौशल, दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन के दम पर झारखंड की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर पदक हासिल कर एक बार फिर साबित किया कि राज्य की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं।

शिवानी कुमारी को 400 मीटर हर्डल्स में रजत

हरियाणा के भिवानी स्थित भीम स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड की उभरती एथलीट शिवानी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया।
400 मीटर हर्डल्स की रेस में उन्होंने बेहतरीन गति, तालमेल और तकनीक का परिचय देते हुए 1:01.85 सेकंड का समय निकाला और रजत पदक अपने नाम किया।
उनका यह प्रदर्शन न केवल उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है, बल्कि झारखंड की एथलेटिक्स प्रतिभा का मजबूत प्रमाण भी है।

ताइक्वांडो में श्रेया कुमारी ने जीता कांस्य

इसी क्रम में, अरुणाचल प्रदेश के इटानगर स्थित खेलो इंडिया इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड की श्रेया कुमारी ने अंडर–17 बालिका के 68 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

श्रेया ने टूर्नामेंट की शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया—

  • बिहार को 2–0 से हराया
  • कर्नाटक को 2–0 से पराजित किया
  • तेलंगाना को 2–1 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

सेमीफाइनल में उन्होंने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन सीबीएसई की खिलाड़ी से 1–2 से मामूली अंतर से हारकर कांस्य पदक पर कब्ज़ा जमाया।

अधिकारियों ने की सराहना और दी बधाई

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शिवानी और श्रेया ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका यह उपलब्धि झारखंड की खेल प्रतिभा के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

इन उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, ताइक्वांडो संघ के कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल कुमार, महासचिव संजय शर्मा, उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह,
टीम कोच प्रवीर राय, चंदन कुमार,
टीम मैनेजर मो. जावेद अंसारी,
एथलेटिक्स कोच प्रेम कुमार, नरेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, सिद्धू किस्कू,
मैनेजर हिमाद्री, नीरज कुमार,
तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने हार्दिक बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

झारखंड की इन बेटियों के शानदार प्रदर्शन ने राज्य का नाम राष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर चमकाया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *