झारखंड के आशीष तानी पूर्ति के दम पर भारत बना U-18 एशिया कप हॉकी चैंपियन
- फाइनल में जापान को 4-3 से हराया, आशीष ने लगाई हैट्रिक; टूर्नामेंट में 13 गोल कर बने टॉप स्कोरर
- महिला टीम ने जीता कांस्य पदक, संदीपा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
झारखंड के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने जापान के काकामीगाहारा में आयोजित U-18 पुरुष एशिया कप हॉकी 2026 का खिताब जीत लिया। शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान जापान को 4-3 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
फाइनल मैच में आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक जमाते हुए भारत की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने मैच के दूसरे ही मिनट में गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार तीसरे मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ दिखाया दम
एक दिन पहले खेले गए सेमीफाइनल में भारत पाकिस्तान के खिलाफ 2-3 से पिछड़ रहा था। अंतिम क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने अकेले चार गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया और भारत को 5-3 की यादगार जीत दिलाते हुए फाइनल में पहुंचाया।
इससे पहले पूल मुकाबले में चीनी ताइपे के खिलाफ भी उन्होंने हैट्रिक लगाई थी। पूरे टूर्नामेंट में आशीष ने कुल 13 गोल दागे और प्रतियोगिता के टॉप स्कोरर बने। सेमीफाइनल और फाइनल जैसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में उन्होंने कुल सात गोल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
महिला वर्ग में भी झारखंड का जलवा
महिला वर्ग में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। कांस्य पदक मुकाबले में झारखंड की संदीपा कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कोरिया के खिलाफ दूसरे मिनट में गोल कर भारत को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई, जो अंततः जीत में तब्दील हुई।
भारतीय महिला टीम में झारखंड की छह खिलाड़ियों — संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, सुगन संगा और नीलम टोपनो — ने प्रतिनिधित्व किया।
पुरुष टीम में झारखंड के दो खिलाड़ी
स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोए शामिल थे। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने राज्य का मान बढ़ाया।
हॉकी इंडिया ने की नकद पुरस्कार की घोषणा
फाइनल मुकाबले के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव सह हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह तथा कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरण स्टेडियम में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच समाप्ति के बाद उन्होंने मैदान में जाकर पूरी टीम को बधाई दी।
हॉकी इंडिया की ओर से स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.50 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं कांस्य पदक विजेता महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ को 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारी
हॉकी झारखंड एवं खेल विभाग, झारखंड सरकार के पदाधिकारियों ने भारतीय टीम को ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर लौटने वाले झारखंड के खिलाड़ियों का रांची आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
हॉकी झारखंड ने कहा, “जापान की धरती पर झारखंड के बेटे-बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।”
