खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के अनूप कुमार ने जीता कांस्य

  • अंडर-17 ग्रीको रोमन शैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य का बढ़ाया मान

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में गई झारखंड की कुश्ती टीम ने उत्तर प्रदेश के बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता (30 नवंबर–4 दिसंबर 2025) में दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-17 आयु वर्ग, ग्रीको रोमन शैली में झारखंड के उभरते पहलवान अनूप कुमार ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।

अनूप कुमार ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार की। पहले मुकाबले में उन्होंने चंडीगढ़ के पहलवान को पराजित किया। दूसरे मैच में महाराष्ट्र के खिलाड़ी पर दबदबा बनाते हुए जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में हरियाणा के पहलवान से कड़ा मुकाबला हुआ, जहां उन्हें मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी। हालांकि कांस्य पदक मुकाबले में अनूप ने दमदार वापसी करते हुए पंजाब के पहलवान को परास्त किया और पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।

उनकी इस उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, साथ ही कोच/मैनेजर प्रवीण कुमार, बबलू कुमार एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने अनूप को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *