रांची

लंदन में झारखंडी संस्कृति की छटा, सीएम हेमंत सोरेन और पत्नी का गर्मजोशी से स्वागत

Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के साथ विदेश दौरे पर हैं। दावोस यात्रा के बाद दोनों लंदन पहुंचे, जहां उनका स्वागत झारखंडी भाषा और पारंपरिक गीतों से किया गया। विदेश की धरती पर अपनी मिट्टी की धुन सुनकर सीएम और उनके साथ मौजूद लोग भावनात्मक रूप से प्रभावित हुए।

स्वागत समारोह के दौरान सीएम हेमंत सोरेन गीतों की लय में आनंद लेते नजर आए। लंदन में रह रहे झारखंडियों ने पूरे उत्साह और अपनत्व के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर झारखंड की संस्कृति और परंपराओं की झलक साफ देखने को मिली। सीएम हेमंत सोरेन ने इस पल को साझा करते हुए लिखा, “अभिभूत हूं, निशब्द हूं। देर रात लंदन पहुंचने पर अपनों द्वारा हुए स्वागत से अभिभूत हूं। आप सबका धन्यवाद, जोहार।”

वहीं कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दुनिया के किसी भी कोने में रहें, हम अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत को गर्व के साथ संजोकर रखते हैं। हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है।” उन्होंने बताया कि हेमंत सोरेन और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ देर रात लंदन पहुंचने पर झारखंड के स्कॉलर्स और डायसपोरा के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कल्पना सोरेन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संदेश दिया, “सभी को झारखंडी जोहार!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *