झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग का उद्घाटन कल, ओवल ग्राउंड में होगा पहला मुकाबला

रांची। झारखंड क्रिकेट जगत के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग का शुभारंभ बुधवार, 3 जून 2026 को जेएससीए स्टेडियम स्थित ओवल ग्राउंड में होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सुबह 8 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं आजीवन सदस्य उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज़ नदीम, कोषाध्यक्ष अमितावा घोष सहित संघ के अन्य गणमान्य सदस्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में कोल्हान डायनामोज और छोटानागपुर ब्लास्टर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस लीग में राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए टूर्नामेंट के सभी मैचों का सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) नंबर 10 स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। दर्शक प्ले स्टोर से “Number 10 Sports” एप डाउनलोड कर मैचों का लाइव आनंद ले सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, यह प्रतियोगिता राज्य में महिला क्रिकेट के विकास और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली चारों टीमों के खिलाड़ियों की सूची एवं मैच कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
