Home

श्री श्याम मंदिर में 206वां सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ संपन्न

रांची। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 206वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। “राम सिया राम, सिया राम जय जय राम” के संकीर्तन और बजरंगबली के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया द्वारा वंदना सिंह से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कराकर किया गया। यजमान परिवार ने बालाजी महाराज को केसरिया पेड़ा, गुड़, चना एवं फल प्रसाद का भोग अर्पित किया। वंदना सिंह ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पाठ वाचक मनीष सारस्वत एवं ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक एवं ढपली की मधुर धुनों पर श्रीगणेश वंदना के साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तजन हनुमान जी महाराज की भक्ति में लीन रहे तथा बीच-बीच में भजनों का भी गायन किया गया।

सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद पुनः श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। तत्पश्चात महाआरती सम्पन्न हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

सेवा कार्यों में श्रवण ढानढनिया एवं अधिवक्ता रेखा नारसरिया ने चना प्रसाद, सीए राधिका नारसरिया ने प्रसाद सेवा, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा सेवा, मनीष साहू ने गिरिगोला सेवा तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा का योगदान दिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, वंदना सिंह, श्वेता सिंह, धवल सिन्हा, कृष्णा, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *