खेल

झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का रंगारंग आगाज़, विजेता टीम को मिलेगा 3 लाख रुपये का पुरस्कार


रांची, 3 जून 2026: रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम के ओवल ग्राउंड में बुधवार को झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग (JWPL) 2026 का भव्य एवं रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरायकेला के कलाकारों ने मनमोहक छऊ नृत्य तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी तथा संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने संयुक्त रूप से चारों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग का आयोजन संघ की प्राथमिकताओं में शामिल था। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रतियोगिता को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भले ही इस बार खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) नहीं हुई है, फिर भी सभी खिलाड़ियों को संघ की ओर से सम्मानजनक राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं, अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए पुरस्कार राशि की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा टूर्नामेंट के प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट इकॉनमी बॉलर तथा सर्वाधिक छक्के लगाने वाली खिलाड़ी को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जेएससीए के कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिन्हा, पूर्व संयुक्त सचिव पी.एन. सिंह, कार्यकारिणी सदस्य मिहिर प्रतिष्ट टोपनो, संजय जैन, रमेश कुमार, धनबाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेन्द्र कुमार, खूंटी जिला क्रिकेट संघ के सचिव अवधेश कश्यप सहित जेएससीए के कई आजीवन सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
झारखंड में महिला क्रिकेट को नई दिशा देने की उम्मीदों के साथ शुरू हुई इस लीग को खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *