झारखंडरांची

Jharkhand Voter List: झारखंड में 1 नवंबर से घर-घर पहुंचेगा निर्वाचन विभाग, मतदाता सूची की होगी जांच

12 नवंबर तक चलेगा होम-टू-रोल विजिट अभियान, 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर BLO और BLA-2 की बैठक

रांची, 31 अक्टूबर। झारखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में 1 से 12 नवंबर तक होम-टू-रोल विजिट अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल न हों, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अभियान के दौरान मतदाता सूची से संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच की जाए और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी BLO-BLA की बैठक

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली BLO और BLA-2 की पांचवीं बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं के मामलों पर विशेष चर्चा की जाए, जिन्हें दो बार नोटिस देने और घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाने का प्रयास करने के बावजूद आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे मामलों की नियमानुसार समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हर BLO को देना होगा प्रमाण-पत्र

निर्वाचन विभाग ने होम-टू-रोल विजिट अभियान के बाद प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी से प्रमाण-पत्र लेने का निर्देश दिया है। इसमें BLO को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके मतदान केंद्र क्षेत्र में कोई भी ऐसा पात्र भारतीय नागरिक शेष नहीं है, जिसका नाम मतदाता सूची में दर्ज होना बाकी हो।

इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके साथ ही 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को इसकी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश

समीक्षा बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और उप निर्वाचन पदाधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े। निर्वाचन विभाग ने सभी अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से संचालित करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *