झारखंड U-15 कुश्ती खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, 138 खिलाड़ियों ने भाग लिया
रांची: दिनांक 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक सेलम, तमिलनाडु में आयोजित होने वाले U-15 बालक एवं बालिका राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए आज झारखंड U-15 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र मोरहाबादी, रांची में आयोजित किया गया।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से कुल 138 कुश्ती खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयन ट्रायल का आयोजन रांची जिला कुश्ती संघ एवं झारखण्ड राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वाधान तथा खेल कूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के सहयोग से किया गया।
उद्घाटन अवसर पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष बबलु कुमार, सीनियर प्लेयर एवं कोच राजीव रंजन भीम, खेलो इंडिया सेंटर साहिबगंज के प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल, बोकारो जिला कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव मृत्युंजय नाथ चौधरी, धनबाद जिला कुश्ती संघ के सचिव सत्यनारायण यादव, अनिल यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता समापन पर अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को पदक वितरण कर सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता के आधार पर चयनित 20 बालक और 10 बालिका पहलवान सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के पश्चात 27 फरवरी से 02 मार्च 2026 तक सेलम, तमिलनाडु में आयोजित U-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
