झारखंड में कराटे जज और रेफरी सेमिनार का आयोजन 14-15 नवंबर को रामगढ़ में
बंधन बैंक्वेट हॉल में होगा दो दिवसीय प्रशिक्षण, वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के नियमों की दी जाएगी ट्रेनिंग
रामगढ़ : स्पोर्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में दो दिवसीय कराटे रेफरी, जज और कोच सेमिनार का आयोजन 14 और 15 नवंबर को रामगढ़ के बंधन बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा। इस सेमिनार में प्रतिभागियों को वर्ल्ड कराटे फेडरेशन (WKF) के कुमिते और काता नियमों की विस्तृत ट्रेनिंग दी जाएगी।
इस प्रशिक्षण का संचालन कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) के रेफरी कमिशन के चेयरमैन एवं वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के रेफरी हंशी प्रेमजीत सेन द्वारा किया जाएगा।
दो दिनों तक चलने वाले इस सेमिनार में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 40 कराटे जज, रेफरी और प्रशिक्षक भाग लेंगे। सेमिनार के समापन पर परीक्षा भी ली जाएगी, जिसमें सफल प्रतिभागियों को कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) द्वारा मान्यता प्राप्त जज, रेफरी एवं कोच घोषित किया जाएगा।
स्पोर्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष हंशी मानस सिन्हा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सेमिनार झारखंड के कराटे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के तकनीकी ज्ञान को नए स्तर पर ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।
