रांची

ओलम्पिक दिवस पर झारखंड में विशेष वृक्षारोपण अभियान, 24 जिलों में लगेंगे 2036 पौधे

रांची: झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा आगामी ओलम्पिक दिवस के अवसर पर एक विशेष पर्यावरणीय पहल के तहत पूरे राज्य में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 23 जून 2026 से शुरू होकर एक सप्ताह तक चलेगा।

एसोसिएशन के अनुसार, इस अभियान के अंतर्गत राज्य के सभी 24 जिलों की जिला ओलम्पिक एसोसिएशनों के माध्यम से कुल 2036 पौधे लगाए जाएंगे। यह पहल अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के “ओलंपिक फॉरेस्ट” अभियान तथा ओलम्पिक आंदोलन के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप है। साथ ही, वर्ष 2036 में भारत में संभावित ओलम्पिक खेलों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए इसे प्रतीकात्मक रूप से देशभर में लागू किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य के वन विभाग और खेल विभाग का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

यह वृक्षारोपण कार्यक्रम राज्य के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, खेल परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और पार्कों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस पहल में खिलाड़ियों, खेल संगठनों, युवा समूहों और आम नागरिकों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

डॉ. पाठक ने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, बल्कि खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का भी सशक्त माध्यम बनेगा।

अभियान के अंत में सभी जिलों से कार्यक्रम की रिपोर्ट और छायाचित्र भारतीय ओलम्पिक एसोसिएशन को भेजे जाएंगे, जिससे इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *