डिसेबल्ड क्रिकेट वूमेन्स उमंग नेशनल ट्रॉफी के लिए झारखंड टीम भोपाल रवाना
रांची। झारखंड डिसेबल्ड महिला क्रिकेट टीम ‘वूमेन्स उमंग नेशनल ट्रॉफी चैंपियनशिप’ में भाग लेने के लिए सोमवार को रांची रेलवे स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हुई। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया और उमंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जो 8 दिसंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक भोपाल में होगी।
रांची रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए भव्य विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इस अवसर पर दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मुकेश कंचन, पारा ओलंपिक एसोसिएशन ऑफ झारखंड की सचिव सरिता सिंहा, समाजसेवी जग्गू सिंह जगदीश, दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ झारखंड के अध्यक्ष राहुल मेहता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सनोज महतो, मुकेश कुमार, चंदन लोहरा, विजय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झारखंड महिला टीम की कमान संजुक्ता एक्का के हाथों में सौंपी गई है। टीम में महिमा उरांव, निक्की कुमारी, पुष्पा मिंज, पूनम कुमारी, जय श्री कुमारी, सुनीता कुमारी, सरिता भूट कुमारी, प्रतिमा तिर्की, अनीता तिर्की, असुंता टोप्पो, तारामणि लकड़ा, शकुंतला लकड़ा, प्रेमलता सेन गुप्ता और सुष्मिता एक्का को शामिल किया गया है।
रवाना होने से पहले खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनका मनोबल बढ़ाया गया और सभी ने झारखंड का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। टीम के कप्तान संजुक्ता एक्का ने कहा कि पूरी टीम कड़ी मेहनत से अभ्यास कर रही है और वे बेहतर प्रदर्शन कर राज्य के लिए पदक जीतने की पूरी कोशिश करेंगी।
स्टेशन परिसर में खिलाड़ियों और उनके परिजनों के बीच भावनात्मक माहौल देखने को मिला। हर चेहरे पर आत्मविश्वास और जीत का जज्बा साफ नजर आ रहा था। अब पूरे झारखंड की नजरें भोपाल में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं।
