खेलगांव में 5वीं नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य आगाज, 1500 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
रांची। राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शनिवार को 5वीं नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन किया गया। यह प्रतियोगिता भारतीय टेबल टेनिस एसोसिएशन के दिशा-निर्देश पर झारखंड स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही है। उद्घाटन समारोह में झारखंड के खेल निदेशक शेखर जमुआर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जेएसएसपीएस के सीईओ नवीन कुमार झा, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि धनराज चौधरी, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, झारखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक जय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष समरजीत सिंह और शांतनु साह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
देश के विभिन्न राज्यों से 1500 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ शुरू हुई यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 दिसंबर तक चलेगी। इस चैंपियनशिप के अंतर्गत कुल 12 इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर वर्ग के पुरुष एवं महिला मुकाबले शामिल हैं। पहले दिन अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड के मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में खेलों के लिए बेहतरीन माहौल बन रहा है और राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और राज्य की खेल संस्कृति को नई पहचान मिलती है।
मुख्य अतिथि शेखर जमुआर ने अपने संबोधन में कहा कि रांची में नेशनल लेवल की टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उनकी खेल प्रतिभा को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और खेलगांव परिसर की आधुनिक सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण झारखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष समरजीत सिंह ने दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेलों के विकास के लिए ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं एक मजबूत मंच प्रदान करती हैं और संघ भविष्य में भी इस तरह के भव्य आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध है।
