खेलरांची

झारखंड राज्य सीनियर सुपर स्पीड खो-खो खुली चयन प्रतियोगिता संपन्न, 90 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रांची। झारखंड राज्य सीनियर सुपर स्पीड खो-खो खुली चयन बालक–बालिका प्रतियोगिता रविवार, 21 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस राज्य स्तरीय खुली चयन प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों—रांची, धनबाद, लातेहार, गढ़वा, सिमडेगा, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और लोहरदगा—से लगभग 90 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खुली चयन प्रतियोगिता के दौरान टाटा डी.ए.वी. चैनपुर, रामगढ़ की बालक टीम के खिलाड़ियों ने विशेष रूप से शानदार प्रदर्शन किया। टीम की ओर से वतन कुमार, रंजीत कुमार, आयन प्रसाद, अक्षत कुमार, मोहम्मद अर्श, राजवीर कुमार, लख राज, सौरभ कुमार और आशिष कुमार ने अपने खेल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बी.एस.पी. विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा, रांची के विद्यालय सचिव श्री सजल बनर्जी उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्तिक उरांव सुपर स्पीड प्रशिक्षण केंद्र, बाल विकास आवासीय विद्यालय, रातू, रांची के अध्यक्ष श्री रंजीत तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इसके अलावा डीएवी टाटा चैनपुर, रामगढ़ के प्राचार्य श्री तारकेश्वर कुमार ने भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खुली चयन प्रतियोगिता में निर्णायक की अहम भूमिका श्रीमती रिया सिंह, सन्नी कुमार, अभिषेक उरांव, शिवम नायक, प्रीति प्रजापति एवं सोनाली होरो ने निभाई। पूरे आयोजन का सफल संचालन झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय झा के मार्गदर्शन में किया गया।

इस मौके पर डॉ. अजय झा ने जानकारी दी कि चयनित झारखंड सीनियर बालक एवं बालिका खो-खो टीम के लिए 26 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय, धुर्वा, रांची में विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के उपरांत चयनित टीम 9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक गुरुग्राम (हरियाणा), नई दिल्ली के समीप आयोजित होने वाली सीनियर राष्ट्रीय सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेगी।

झारखंड की बालक–बालिका खो-खो टीम 7 जनवरी 2026 को हटिया रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी। यह जानकारी झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ के महासचिव श्री विवेक कुमार ने दी।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि झारखंड की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *