राष्ट्रीय एमएमए प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, हटीया स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
रांची। गोवा में आयोजित 13वीं AITWPF नेशनल एमएमए चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। झारखंड अमेच्योर एमएमए पैनक्रेशन संघ से जुड़े दो खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से विजयी होकर रांची लौटने पर दोनों खिलाड़ियों का हटीया रेलवे स्टेशन पर भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर संघ के जनरल सेक्रेटरी मोहम्मद इबरार कुरैशी, अभिभावकों एवं संघ से जुड़े सदस्यों ने फूल-मालाओं और बुके भेंट कर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड अमेच्योर एमएमए पैनक्रेशन संघ की ओर से दो खिलाड़ी एवं एक रेफरी ने भाग लिया था। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में शिवदत्त लोहरा एवं शाद कौशर शामिल हैं। इस उपलब्धि में कोच सोनू कुमार साहू का भी अहम योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह सफलता प्राप्त की।
स्वागत समारोह के दौरान समीमा अंसारी, परवेज आलम, तनु देवी, रौनिका राशी, साक्षी कुमारी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
