24 वीरों की शहादत को नमन, 18वें स्थापना दिवस से पहले झारखंड जगुआर ने परिवारों का बढ़ाया मान

Ranchi : झारखण्ड जगुआर (STF) 19 फरवरी 2026 को अपने गठन का 18वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। राज्य में उग्रवाद उन्मूलन और शांति कायम रखने के अपने मिशन में इस टीम ने पिछले 18 वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
24 शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान
इन 18 सालों के सफर में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 24 वीर जवानों और पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्य में सर्वोच्च बलिदान दिया। इन शहीदों की वीरता ने झारखण्ड में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शहीदों के परिजनों को सम्मान
शहीदों के परिजनों का सम्मान उनके गृह जिलों में जाकर किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में रहने वाले परिवारों को शॉल और भेंट देकर उनकी सेवा और त्याग के लिए धन्यवाद किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने शहीदों के परिवार से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि झारखण्ड जगुआर (STF) हमेशा शहीदों के बलिदान को याद रखेगी। साथ ही परिवार के हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस को नमन
STF ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए यह संदेश दिया कि उनका संघर्ष और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

