रांची

बीआईटी मेसरा फायरिंग कांड का खुलासा, राहुल सिंह गिरोह का मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार

बीआईटी

Ranchi : रांची के बीआईटी मेसरा इलाके में बीते चार फरवरी की शाम हुई हवाई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में राहुल सिंह गिरोह से जुड़े मुख्य आरोपी समेत कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमन कुमार ठाकुर (मुख्य आरोपी), करन कुमार उरांव, विशाल मुण्डा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

टोयोटा शोरूम के पास हुई थी फायरिंग

सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि फायरिंग मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 49/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। तफ्तीश के दरम्यान 17 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी कोकर के सुंदर विहार में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू को हिरासत में लिया गया। करीब 20 साल का अमन रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के पाचा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार, गोली, बाइक और कपड़े अपने घर में छिपाकर रखे हैं।

घर से बरामद हुए हथियार और बाइक

अमन की निशानदेही पर उसके पाचा स्थित घर में छापेमारी की गई। वहां से एक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां, एक नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल जिसे काले रंग से रंगा गया था, छह मोबाइल फोन, हेलमेट, कपड़े और चप्पल बरामद किए गए। वहीं, अमन की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों करन कुमार उरांव, विशाल मुण्डा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार को भी गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी आपराधिक गतिविधियों में पहले से शामिल रहे हैं।

कई मामलों में दर्ज हैं केस

मुख्य आरोपी अमन कुमार ठाकुर और करन कुमार उरांव के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। करन कुमार उरांव के खिलाफ रांची और आसपास के थानों में कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। सेंटू सिंह के खिलाफ भी पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास समेत कई पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *