रांची

लंदन में CM हेमंत बोले- आर एंड डी आधारित औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा झारखंड

London/Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड अनुसंधान और विकास पर आधारित एक मजबूत औद्योगिक तंत्र विकसित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। यह राज्य के न्यायसंगत और भविष्य-उन्मुख विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप है। लंदन प्रवास के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने रॉयल स्कूल ऑफ माइंस, इम्पीरियल कॉलेज लंदन का दौरा किया और वहां क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत खनिज प्रसंस्करण तथा स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े शोध कार्यों की जानकारी ली।सीएम हेमंत सोरेन ने संस्थान की प्रमुख प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया और फैकल्टी सदस्यों व शोधकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान प्रोफेसर स्टीफन नीथलिंग, मार्क वेनमैन, मार्क सेप्टन, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के प्रो. मुकेश कुमार और डॉ. सूर्या कुमार सिंह ने खनिज प्रसंस्करण, सामग्री विज्ञान, परमाणु अभियांत्रिकी और उन्नत सेंसिंग तकनीकों पर चल रहे शोध के बारे में बताया।मुख्यमंत्री  फैकल्टी सदस्यों ने जानकारी दी कि इम्पीरियल कॉलेज लंदन में भू-विज्ञान, सामग्री अभियांत्रिकी, कंप्यूटेशनल मॉडलिंग और नीति अध्ययन को एक साथ जोड़कर खनन, स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक डी-कार्बोनाइजेशन जैसी जटिल चुनौतियों पर काम किया जा रहा है। प्रयोगशालाओं में यह भी दिखाया गया कि किस तरह खनिजों की पहचान, उनके बेहतर प्रसंस्करण, मॉडलिंग और इमेजिंग से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है।

चर्चा के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शुरुआती स्तर के शोध को किस तरह उद्योगों में व्यावहारिक उपयोग के लिए तैयार किया जा सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसी तकनीकें झारखंड जैसे संसाधन-समृद्ध राज्यों को केवल खनन तक सीमित न रखकर मूल्य संवर्धन और उन्नत विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ने में मदद कर सकती हैं।मुख्यमंत्री सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वैश्विक स्तर के संस्थानों के साथ दीर्घकालिक शैक्षणिक और शोध साझेदारी को महत्व देता है। इस सहयोग से तकनीकी विकास, कौशल निर्माण और संस्थागत क्षमता को मजबूत किया जा सकेगा। प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम हेमंत सोरेन ने इम्पीरियल कॉलेज लंदन के अधिकारियों से झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स और माइनिंग साइंसेज़ के क्षेत्र में एक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने की संभावनाओं पर भी बातचीत की।यह दौरा झारखंड को क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत विनिर्माण और सतत औद्योगिक विकास के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *